जिसे कभी नहीं मिला प्रेम
लगभग हर रोज उस स्त्री की याद आती है
जिसने कभी मुझसे प्रेम नहीं किया
प्रेम करना तो दूर मेरी ओर भर नजर देखा तक नहीं
और मैंने भी कब उससे प्रेम करने के बारे सोचा ?
समय की मजबूरी थी कि
जिससे प्रेम किया वह मुझे भूल गई
मैं भी उसे भूलता जा रहा हूं धीरे -धीरे
एकबारगी नहीं होता है प्रेम
हथेलियों पर मेंहदी खिलती है कुछ घंटे बाद
धीरे - धीरे प्रगाढ़ होता है प्रेम
और उसकी चमक खोने लगती है धीरे-धीरे
प्रेम टहनियों से आम की तरह टपक नहीं जाता अचानक
कौन है जो दिल की जमीं पर प्रेम को दिलाए दखलदिहानी ?
प्रेमी-प्रेमिकाओं के लिए बहुत अफसोस नहीं किया जाना चाहिए
अफसोस किया जाना चाहिए उस स्त्री के लिए
जिसे कभी नहीं मिला प्रेम
और बिना किसी पुरुष का प्रेम पाए वेश्या की कलंकित संज्ञा के साथ लौट गई।
@ ललन चतुर्वेदी
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें