सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

 व्यंग्य

                                                                 ललन चतुर्वेदी

                         रामजी के चिरई ,रामजी के खेत

हमलोग संसारी जीव हैं. संसारी मतलब व्यापारी. नफ़ा-नुकसान  बहुत सोचते हैं. थोड़ा सी तकलीफ होती है और हाथ-पैर पटकने लगते हैं. छटपटाने लगते हैं. बाबाजी इन सबसे पार जाने का रास्ता सरल-सहज शब्दों में  बतलाते हैं. हमें कुछ नहीं करना है. थोड़ा सा आध्यात्मिक होना है. सारे झगड़े-फसाद  चुटकी बजाते हल हो जायेंगे. समस्या वहाँ है जहां समझ का फेर है. विनोबा भावे ने भूदान आन्दोलन में नारा दिया था- सबै भूमि गोपाल की. उसी प्रकार संत भी कहते हैं – साई के सब जीव हैं कीरी कुंजर कोय. मान लीजिए राम-दरबार में चोरी हो गयी तो क्या हो गया? कोई अनहोनी तो नहीं हुई. दान करने वाले  में राम, सुरक्षा प्रहरी में राम, नोट गिनने वाले में राम,जमा करने वालों में भी राम . जिधर देखो उधर राम ही राम .सब तो राममय हैं. मुजरिम भी और मुंसिफ भी. लेकिन कुछ लोग हैं जिन्हें न चैन है,न आराम. भाई, राम पर भरोसा रखिए. लेकिन वे मानेंगे नहीं. वे दिन-रात कह रहे हैं- राम काम कीजै बिना मोहिं कहाँ विश्राम. कुछ लोग कहते हैं-सीसीटीवी बंद हो गया या कर दिया गया तो इसमें हो-हल्ला करने की जरूरत क्या है? ऊपर वाला सब देख रहा है. उनकी नजरों से कौन बचेगा? विश्वास रखिए. उधर दूसरे लोग गल्ला फाड़ कर चिल्ला रहे हैं- एफआईआर करने में देर हो गयी. उनको कौन समझाए कि हड़बड़ी का काम शैतान का होता है. राम का काम है,आराम से होगा. धीरज धारण करना चाहिए. भगवान् के घर में देर है, अंधेर नहीं है. राम जन्मभूमि का केस जब शताब्दियों तक चला तो यह भी चलता रहेगा. न्याय प्रणाली पर भरोसा रखना ही होगा. जल्दबाजी में कोई निर्दोष फंस जाए ,यह तो अच्छी बात नहीं.

कुछ लोगों का कहना है कि ये नहीं बोल रहे हैं, वे नहीं बोल रहे हैं. भाई, सब लोगों का बोलना  जरूरी है क्या? मेरे विचार से कम लोगों को बोलना चाहिए और अधिक लोगों को सुनना चाहिए. कम से कम बोलना चाहिए .अधिक से अधिक सुनना चाहिए. सुनवाई की प्रतीक्षा करनी चाहिए. अब हम कलमकारों को ही देख लीजिए. कितना सोच-समझ कर बोलते हैं. एक महीना बीतने को है तब मैं कुछ बोलने के लिए सोच रहा हूँ. हम साहित्यकारों की भी एक टीम होती है- एस आई टी- साहित्यिक इंवेस्टिगेशन टीम. इसका भी कोड ऑफ़ कंडक्ट है. किस विषय पर बोलना है और किस पर चुप्पी साध लेना है-ये सब पहले से एजेंडा में तय करके रखा है. अपनी बात बतलाऊं तो मैं तुलसीदास की बात को मानता हूँ- अरथ न धरम न काम रूचि, गति न चहौं निर्वाण. परमपद में रूचि नहीं है, रामपद ही मेरे लिए पर्याप्त है. सच्चे संत को प्रपंच से क्या मतलब? और भगवान् राम को भी सामान नहीं सम्मान चाहिए. ये सब दान-दिखावा से उन्हें क्या मतलब. अब मैं कोई ऐसा-वैसा लेखक नहीं हूँ. समाधान  भी तलाशता हूँ. हानि-लाभ, जीवन-मरण सब विधाता के कार्य क्षेत्र में हैं. अफ़सोस नहीं करना चाहिए. जो गया है, सब राम जी के खाते से राम जी खाते में गया है. वे गलत थोड़े हैं. वे तो संध्या के बाद गीत गाते हुए घर लौटते थे- रामजी के चिरई ,रामजी के खेत, खा ले रे चिरई भर-भर पेट. प्रतीक्षा कीजिए. चिंता करने की कोई बात नहीं- जाहि विधि रखे राम वाहि विधि रहिए.                

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हमें समझ जाना चाहिए था  -------------------------------- इच्छा थी कि दो क़दम आगे बढ़कर करूं स्वागत  पर वे अनदेखा कर बगल से निकल ग‌ए मैंने उनकी व्यस्तता समझी  वे चले गए और मैं उन्हें रोज याद करता रहा मैंने उन्हें चिट्ठियां लिखी  संदेश भेजा मैसेंजर पर  सोचा, ह्वाट्सएप से भेजकर देखूं  वह भी किया  सब कुछ लाजवाब रहा  बहुत दिनों तक मैं सोचता रहा  वे तो बड़े अच्छे आदमी हैं  मामूली लोगों के लिए खूब लिखते हैं  फिर एक मामूली आदमी कैसे रह गया अलक्षित  मुझे तो बहुत पहले समझ जाना चाहिए था मामूली आदमी के लिए लिखने वाले  मामूली आदमी की लड़ाई कभी नहीं लड़ते  सचमुच वे कोई मामूली आदमी नहीं है  यह हमें बहुत पहले समझ जाना चाहिए था। @ ललन चतुर्वेदी

कविता

  भूल जाओ भूल जाओ कि यह अनगिनत पंछियों का रैन बसेरा रहा है भूल जाओ कि यह असंख्य अपरिचित पथिकों को शीतल छांव देता रहा है अब इसके घने पत्ते नहीं रहे और सूख रही हैं धीरे-धीरे इसकी मजबूत टहनियां ठीक ही कहते हो हॅंस कर अब यह किसी काम का नहीं रहा हो चुका है बहुत ख़तरनाक आओ , सब मिलकर इसे धराशायी कर दो अपने ज्ञान - विज्ञान पर गर्व करो तुम सब ठीक कहते हो राख में विद्यमान फाॅस्फोरस न‌ई फसलों के लिए एक जरूरी उर्वरक है भूल जाओ बाप- दादा की बातें अब तुम ज्ञानी हो ग‌ए हो वे सब बहुत पिछड़े थे जला डालो उन किताबों को जिनमें उनकी स्थापनाएं हैं यह शीघ्र स्थापित होने का सुगम तरीका है। -------------------------------------