सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

कविता

 भूल जाओ


भूल जाओ कि
यह अनगिनत पंछियों का रैन बसेरा रहा है
भूल जाओ कि
यह असंख्य अपरिचित पथिकों को शीतल छांव देता रहा है
अब इसके घने पत्ते नहीं रहे
और सूख रही हैं धीरे-धीरे इसकी मजबूत टहनियां

ठीक ही कहते हो हॅंस कर
अब यह किसी काम का नहीं रहा
हो चुका है बहुत ख़तरनाक
आओ,सब मिलकर इसे धराशायी कर दो

अपने ज्ञान - विज्ञान पर गर्व करो
तुम सब ठीक कहते हो
राख में विद्यमान फाॅस्फोरस
न‌ई फसलों के लिए एक जरूरी उर्वरक है

भूल जाओ
बाप- दादा की बातें
अब तुम ज्ञानी हो ग‌ए हो
वे सब बहुत पिछड़े थे
जला डालो
उन किताबों को जिनमें उनकी स्थापनाएं हैं
यह शीघ्र स्थापित होने का सुगम तरीका है।

-------------------------------------

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हमें समझ जाना चाहिए था  -------------------------------- इच्छा थी कि दो क़दम आगे बढ़कर करूं स्वागत  पर वे अनदेखा कर बगल से निकल ग‌ए मैंने उनकी व्यस्तता समझी  वे चले गए और मैं उन्हें रोज याद करता रहा मैंने उन्हें चिट्ठियां लिखी  संदेश भेजा मैसेंजर पर  सोचा, ह्वाट्सएप से भेजकर देखूं  वह भी किया  सब कुछ लाजवाब रहा  बहुत दिनों तक मैं सोचता रहा  वे तो बड़े अच्छे आदमी हैं  मामूली लोगों के लिए खूब लिखते हैं  फिर एक मामूली आदमी कैसे रह गया अलक्षित  मुझे तो बहुत पहले समझ जाना चाहिए था मामूली आदमी के लिए लिखने वाले  मामूली आदमी की लड़ाई कभी नहीं लड़ते  सचमुच वे कोई मामूली आदमी नहीं है  यह हमें बहुत पहले समझ जाना चाहिए था। @ ललन चतुर्वेदी
  व्यंग्य                                                                  ललन चतुर्वेदी                          रामजी के चिरई ,रामजी के खेत हमलोग संसारी जीव हैं. संसारी मतलब व्यापारी. नफ़ा-नुकसान  बहुत सोचते हैं. थोड़ा सी तकलीफ होती है और हाथ-पैर पटकने लगते हैं. छटपटाने लगते हैं. बाबाजी इन सबसे पार जाने का रास्ता सरल-सहज शब्दों में  बतलाते हैं. हमें कुछ नहीं करना है. थोड़ा सा आध्यात्मिक होना है. सारे झगड़े-फसाद  चुटकी बजाते हल हो जायेंगे. समस्या वहाँ है जहां समझ का फेर है. विनोबा भावे ने भूदान आन्दोलन में नारा दिया था- सबै भूमि गोप...