तुम्हारे उदास होने से
तुम्हारे उदास होने से
यमुना काली नहीं हो जाएगी
धेनु गैया चरना नहीं छोड़ेगी
ब्रजमंडल नहीं डूबेगा इन्द्र के कोप से
माता यशोदा आंसू नहीं बहाएगी
राधा मौन साधकर बंद नहीं होगी कमरे में
गोपिकाएं रास के गीत गाना नहीं छोड़ेगी
वे तुम्हें बुलावा नहीं भेजेंगी
बाल सखा बिल्कुल उदास नहीं होंगे
वे दूसरे दिन तुम्हें भूल जायेंगे
कान्हा!इस भुलावे में मत रहना
कि ब्रज में अब रंगोत्सव नहीं होगा
या लोग नहीं खेलेंगे लट्ठमार होली
ब्रज कभी नहीं उजड़ेगा
तुम्हारा ही बाना धारण कर
अचानक प्रकट हो जाएगा कोई दूसरा छलिया
होंठों पर रख लेगा रास की मुरली
और उसकी धुन में मदहोश हो जाएगा ब्रजमंडल
ब्रजवासी उसे घोषित कर देंगे नया अवतार
वासुदेव! तुम्हीं तो कह गए हो
मोह कहीं से उचित नहीं है
अच्छा है लोग मोहमुक्त हो गए हैं
विस्मृति राष्ट्रीय परंपरा घोषित हो चुकी है
हां ,मैं समझा रहा हूं तुम्हें सखा भाव से
तुम्हें सारथि के कार्यभार से मुक्त करता हूं
मैं स्वयं संचालित कर लूंगा अपना रथ
लड़ लूंगा अपना महाभारत
जीत लूंगा कुरुक्षेत्र
जाओ,सखा! यह द्वापर नहीं है
किसी के आने-जाने से रत्ती भर फर्क नहीं पड़ता
तुम्हारे उदास होने से
केवल तुम्हीं उदास होगे।
ललन चतुर्वेदी
27 जून 2026
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें